चंद्रावती आबूरोड में पुलिस की कार्रवाई, बिना वैध दस्तावेज भारत में प्रवेश करने का खुलासा
सिरोही जिले में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रिको आबूरोड थाना पुलिस और जिला विशेष शाखा की टीम ने चंद्रावती आबूरोड से तीन संदिग्ध विदेशी महिलाओं को दस्तयाब किया है। पुलिस पूछताछ और संयुक्त जांच में तीनों महिलाओं ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया है।
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चंद्रावती आबूरोड स्थित एक मकान में कार्रवाई की गई। यहां सोनिया अख्तर (32), रजिया बेगम (27) और फरीया खातुन (22) को दस्तयाब किया गया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद जिला विशेष शाखा और संबंधित एजेंसियों ने जेआईसी के माध्यम से विस्तृत पूछताछ की।
पूछताछ में महिलाओं ने करीब एक वर्ष पहले बिना वैध दस्तावेज के बांग्लादेश से भारत में प्रवेश करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार उनके पास बांग्लादेशी पासपोर्ट भी मिले, जबकि भारतीय दस्तावेजों की जांच में वे फर्जी पाए गए।
पुलिस ने बताया कि तीनों महिलाओं को बांग्लादेश प्रत्यावर्तन के लिए सीमा सुरक्षा बल, गृह विभाग और आसूचना ब्यूरो पश्चिम बंगाल से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक इससे पहले भी अभियान के तहत जिले में 13 जुलाई को दो, 3 अगस्त को एक और 8 अगस्त को एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को दस्तयाब किया जा चुका है। इनके निष्कासन की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने कहा कि अवैध बांग्लादेशी एवं अन्य विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि आसपास किसी संदिग्ध विदेशी नागरिक की जानकारी होने पर पुलिस कंट्रोल रूम सिरोही के मोबाइल नंबर 9530431323 पर सूचना दें।
पुलिस टीम में रिको आबूरोड थाने के उप निरीक्षक पुखराज, जिला विशेष शाखा के सहायक उप निरीक्षक महावीरसिंह, मोहब्बतसिंह, रिको आबूरोड की सहायक उप निरीक्षक विमला और जिला विशेष शाखा के कांस्टेबल अमृत शामिल रहे।