सिरोही की सड़कों और सफाई व्यवस्था पर जयपुर की नजर, नगर निकायों को 100% कचरा संग्रहण के सख्त निर्देश

Spread the love

सिरोही: सड़कों, सफाई और बेसहारा पशुओं को लेकर जयपुर से सख्ती, नगर निकायों को दिए कड़े निर्देश

सिरोही। [ रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ] शहरों की सफाई व्यवस्था, खराब सड़कों, बंद स्ट्रीट लाइटों और सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को लेकर अब स्वायत्त शासन विभाग जयपुर ने प्रदेश के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 8 अगस्त 2026 को जारी आदेश में नगरीय निकायों को अपनी मूलभूत सेवाओं को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

100 प्रतिशत हो डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण

विभाग ने स्पष्ट किया है कि शहरी क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण नियमित रूप से 100 प्रतिशत कराया जाए। साथ ही कचरा यार्ड में जमा होने वाले पुराने यानी लीगेसी वेस्ट को बढ़ने से रोकने और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बरसात में खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत

बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और गड्ढों को लेकर भी विभाग ने गंभीरता दिखाई है। नगर निकायों को टूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत कराने तथा आमजन के आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

बंद स्ट्रीट लाइटें भी होंगी जिम्मेदारी

शहर की सड़कों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द चालू कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इससे रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी कम करने पर जोर दिया गया है।

बेसहारा पशुओं को सड़कों से हटाने के निर्देश

सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को लेकर भी नगर निकायों को कार्रवाई करने को कहा गया है। ऐसे पशुओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित तरीके से गौशालाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अब सवाल—सिरोही में कब दिखेगा असर?

जयपुर से जारी इन निर्देशों के बाद अब निगाहें सिरोही नगर परिषद की कार्रवाई पर टिक गई हैं। शहर में सफाई, सड़कों के गड्ढे, बंद स्ट्रीट लाइटें और बेसहारा पशुओं की समस्या को लेकर आमजन लंबे समय से शिकायतें उठाते रहे हैं। ऐसे में अब बड़ा सवाल यही है कि विभाग के आदेश का असर सरकारी फाइलों में दिखाई देगा या वास्तव में सिरोही की सड़कों पर भी बदलाव नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *