आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज़ के दादी प्रकाशमणि विजडम पार्क (पीएम पार्क) में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी और ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के पदाधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पर्यावरण सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी: राज्य मंत्री देवासी
पौधारोपण के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा, “पर्यावरण को बचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। आज के दौर में पौधारोपण करना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। सभी नागरिकों को वर्ष में कम से कम एक पेड़ अपनी मां के नाम जरूर लगाना चाहिए।”

प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का सुंदर प्रयास: सांसद चौधरी
सांसद लुंबाराम चौधरी ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण का सामान्य कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अनूठा प्रयास है। जिस तरह मां हमें जीवन देकर हमारा पालन-पोषण करती है, ठीक उसी प्रकार पेड़ भी हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, फल, छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं।”
संस्थान ने दिया पौधे लगाने और देखभाल का संकल्प
ब्रह्माकुमारीज़ के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने सभी उपस्थित लोगों को प्रेरित करते हुए कहा, “आइए, हम सब मिलकर अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी पूरी देखभाल करने का संकल्प लें। यही मां के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धा और प्रकृति के प्रति हमारा कर्तव्य होगा।”
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ राजयोगी बीके प्रकाश भाई सहित कई जनप्रतिनिधि और ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।