10 प्रमुख रिट्रीट सेंटर्स पर जुटेंगी बड़ी हस्तियां, पीएम करेंगे सीधा संवाद
ब्रह्माकुमारीज़ का मेगा प्लान: 20 दिनों में 10 करोड़ लोगों को दिलाई जाएगी नशामुक्ति की शपथ
आबूरोड स्थित शांतिवन में राज्य मंत्री देवासी, सांसद लुंबाराम सहित कई गणमान्य रहेंगे मौजूद
आबूरोड। देश की युवा शक्ति को नशे की सामाजिक बुराई से बचाकर वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के उद्देश्य से एक बड़ा राष्ट्रव्यापी कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का वर्चुअली शुभारंभ करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से शुरू हो रहे इस जन-जागरूकता अभियान के तहत प्रधानमंत्री दिल्ली से ब्रह्माकुमारीज़ के 10 प्रमुख रिट्रीट सेंटर्स से जुड़े लोगों से सीधा संवाद करेंगे। वे शांतिवन (आबूरोड) के डायमंड हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और डॉ. वीरेंद्र कुमार भी वर्चुअली अपने विचार रखेंगे।

शांतिवन में जुटेगा दिग्गजों का जमावड़ा
आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में:
राज्य मंत्री: ओटाराम देवासी (पंचायती राज, ग्रामीण विकास एवं नागरिक सुरक्षा विभाग)
जनप्रतिनिधि: सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया और भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी
प्रशासनिक अधिकारी: कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ और एसडीएम रामस्वरूप जौहार
इन सभी प्रशासनिक व राजनीतिक हस्तियों के साथ-साथ भारी संख्या में विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति से जोड़ने का लक्ष्य
ब्रह्माकुमारीज़ के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर संस्थान के ’10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ की भी शुरुआत होगी। ब्रह्माकुमारीज़ इसे एक व्यापक जन-आंदोलन के रूप में चला रहा है, जिसके तहत देशभर के 6,000 सेवाकेंद्रों और 50,000 पाठशालाओं के माध्यम से जन-जागरण के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देश के प्रमुख शहरों में होगा लाइव मेगा इवेंट
अहमदाबाद (GGRC), लखनऊ, नागपुर, रायपुर, मदुरई, पानीपत, कोलकाता, अगरतला, हैदराबाद, गुवाहाटी और गोवा स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के रिट्रीट सेंटर्स पर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (Live Streaming) दिखाया जाएगा। इन सेंटर्स पर संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और राज्य मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जिनसे पीएम मोदी संवाद करेंगे।
2 से 20 अगस्त: गांव से लेकर शहरों तक गूंजेगा नशामुक्ति का संकल्प
मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल के अनुसार, 2 अगस्त से 20 अगस्त तक चलाए जाने वाले इस विशेष पखवाड़े में देश के कोने-कोने में नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, प्राइवेट व सरकारी ऑफिस, हॉस्टल्स, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों तक व्यापक स्तर पर प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान की प्रमुख गतिविधियां:
जागरूकता प्रतियोगिताएं: राष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी (Quiz), वाद-विवाद (Debate), पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग।
युवा व डिजिटल कनेक्ट: शॉर्ट फिल्म व रील निर्माण प्रतियोगिताएं और सोशल मीडिया अभियान।
सांस्कृतिक व खेल आयोजन: नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, खेल स्पर्धाएं और फिटनेस ड्राइव।
विशेषज्ञ मार्गदर्शन: काउंसलिंग सेशन, मेंटल हेल्थ गाइडेंस और एक्सपर्ट लेक्चर्स।