Headlines

आबूरोड : ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा देशभर में 2 अगस्त से 20 अगस्त तक चलाया जाएगा विशेष नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान

Spread the love

2 अगस्त को प्रधानमंत्री करेंगे नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का वर्चुअली शुभारंभ

अभियान को लेकर गुरुवार को पत्रकारवार्ता आयोजित

नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को जोड़ेंगे

देशभर के छह हजार से अधिक सेवाकेंद्रों और 50 हजार पाठशालाओं पर होंगे आयोजन

मुख्य दस स्थानों पर किए जाएंगे मेगा इवेंट, संबंधित प्रदेशों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री लेंगे भाग

आबूरोड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को प्रात: 10.30 बजे नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत देशभर में एक साथ हजारों कार्यक्रमों को वर्चुअली संबोधित करेंगे। इसी के साथ ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा चलाए जा रहे दस करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का वर्चुअली राष्ट्रव्यापी शुभारंभ भी प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। इस महा अभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा देशभर के छह हजार सेवाकेंद्रों और 50 हजार पाठशालाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 2 अगस्त को कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय शांतिवन के साथ देशभर के प्रमुख रिट्रीट सेंटर्स पर भी होगा। इसे लेकर गुरुवार को शांतिवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। 

इसमें अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान को लेकर 2 अगस्त को मुख्यालय शांतिवन, जीजीआरसी अहमदाबाद, लखनऊ, नागपुर, रायपुर, मदुरई, पानीपत, कोलकाता, अगरतला, हैदराबाद, गुवाहाटी और गोवा में मेगा इवेंट आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में पांच से दस हजार लोग शामिल होंगे और संबंधित प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्री अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कहा कि भारत काे नशामुक्त बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आंदोलन के रूप में यह महाअभियान चलाया जा रहा है। यदि हमें भारत को विकसित भारत, विश्व गुरु बनाना है तो नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करना होगा। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान अपनी स्थापना के समय से ही जन-जन को नशामुक्ति की प्रेरणा देता आ रहा है। अभियान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ मिलकर चलाया जा रहा है। साथ ही दिल्ली से युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार भी वर्चुअली संबोधित करेंगे। 

स्कूल-कॉलेज से लेकर सामाजिक संगठनों में कराएंगे प्रतिज्ञा-

डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि संस्थान द्वारा देशभर में विशेष रूप से 2 अगस्त से 20 अगस्त तक नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान चलाया जाएगा। इसमें दस करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराने का संकल्प रखा गया है। इसके तहत स्कूल-कॉलेज, विश्वविद्यालय, समाजसेवी संगठन, निजी-सरकारी कार्यालय, लायंस-रोटरी क्लब, छात्रावास, होस्टल, कंपनी, इंडस्ट्रीज, निजी फर्म, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गांव से लेकर चौक चौराहों पर लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराई जाएगी। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

पूरे अभियान का रखा जाएगा डाटा-

इस महाअभियान को डाटा को एकत्रित करने के लिए विशेष क्यूआर कोड जनरेट किया गया है। इसके तहत प्रत्येक कार्यक्रम की लाइव लोकेशन के साथ मॉनिटरिंग की जाएगी। उसमें कितने लोग शामिल हुए, कितने लोगों ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा की आदि का पूरा डाटा रखा जाएगा, जिसे एकत्रित कर भारत सरकार को सौंपा जाएगा।

तीन साल में 30775 कार्यक्रम, साढ़े तीन करोड़ लोगों को दिया संदेश-

मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ के मेडिकल विंग द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त भारत अभियान को लेकर भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय एवं गृह मंत्रालय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ तीन साल के लिए एमओयू साइन किया गया था। इसके तहत देशभर में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा तीन साल में 30775 कार्यक्रम के माध्यम से 3.16 करोड़ लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया। देश के विभिन्न शहरों में 19102 कार्यक्रम के साथ 11673 गांवों को कवर किया गया है। साथ ही 9915 स्कूल और कॉलेजों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *