टीबी मुक्त भारत की ओर बड़ा कदम: जेल में स्वास्थ्य शिविर, बंदियों को रोग के लक्षण और बचाव की दी जानकारी
सवाई माधोपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिला कारागृह, सवाई माधोपुर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर के दौरान हैंडहेल्ड डिजिटल एक्स-रे मशीन से सभी बंदियों, जेल अधिकारियों और कर्मचारियों सहित कुल 122 लोगों की छाती की जांच की गई। इस पहल का उद्देश्य क्षय रोग (टीबी) की समय पर पहचान कर मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना और संक्रमण के प्रसार को रोकना है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में उपस्थित सभी लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच और सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में अधिक पसीना आने जैसी समस्याएं हों, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए।
विभाग ने बंदियों और जेल स्टाफ से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी टीबी के प्रति जागरूक करें। अधिकारियों ने कहा कि समय पर पहचान, सही उपचार और जनजागरूकता ही टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है।