“रक्षाबंधन पर दिखी राजनीति में रिश्तों की मिठास, दिया कुमारी ने बैरवा, राठौड़ और अजय कुमार को बांधी राखी”

Spread the love

पॉलिटिकल रक्षाबंधन की मिसाल, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रेमचंद बैरवा, मदन राठौड़ और अजय कुमार को बांधी राखी

जयपुर। रक्षाबंधन पर्व से पहले राजस्थान की राजनीति में भाई-बहन के स्नेह और सांस्कृतिक मूल्यों की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने साथी उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा के निवास पहुंचकर उन्हें राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

दिया कुमारी ने केवल डॉ. बैरवा को ही नहीं, बल्कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार को भी रक्षा सूत्र बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है।

“हर बहन की सुरक्षा हमारा संकल्प” – प्रेमचंद बैरवा

राखी बंधवाने के बाद उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने भावुक होते हुए कहा कि यह भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व है। उन्होंने प्रदेश की सभी महिलाओं और बहनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि हर परिस्थिति में उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार एवं समाज को साथ खड़ा रहना चाहिए।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय

दिया कुमारी इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी राखी बांध चुकी हैं। ऐसे में लगातार वरिष्ठ नेताओं को राखी बांधने की यह पहल राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इसे आपसी विश्वास, संगठनात्मक एकजुटता और भारतीय संस्कृति के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

आधी आबादी को सकारात्मक संदेश

रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर सामने आई तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब सराही जा रही हैं। महिला सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाली इस पहल को आमजन और कार्यकर्ताओं द्वारा सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है। राजनीतिक मंच से निकला यह संदेश समाज में भाई-बहन के रिश्ते की गरिमा और भारतीय संस्कृति की मजबूती को भी दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *