पाली मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का एलान, PM किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 12 हजार करेंगे

Spread the love

जयपुर: पाली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रधानमंत्री किसान उत्सव कार्यक्रम में किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर सालाना 12 हजार रुपये करेंगी। केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाले 6 हजार रुपये के अलावा राज्य सरकार भी 6 हजार रुपये का योगदान देगी, जिससे किसानों को सालाना 12 हजार रुपये की सहायता मिल सकेगी।

नगर पालिका टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में लगातार ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में देश का कृषि बजट 21,933 करोड़ रुपये था, जिसे बढ़ाकर अब करीब 1.30 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। इससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है और किसानों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं।

किसानों के खाते में पहुंची 23वीं किस्त:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के तहत देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। राजस्थान के लगभग 66 लाख किसानों को इसका लाभ मिलेगा और उनके खातों में करीब 1,320 करोड़ रुपये पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के मोबाइल पर राशि आने का संदेश भी पहुंचेगा।

कांग्रेस सरकार पर सीएम का निशाना:

भजनलाल शर्मा ने कहा कि पहले योजनाओं की राशि बिचौलियों के जरिए लोगों तक पहुंचती थी और भ्रष्टाचार के कारण पूरा लाभ नहीं मिल पाता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने जनधन खातों और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाने की व्यवस्था की है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और किसानों को समय पर सहायता मिल रही है।

किसानों को आत्मनिर्भर बना रही सम्मान निधि:

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों के साथ हमेशा धोखा किया, जबकि मोदी सरकार अब तक किसानों के खातों में 4.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आधुनिक खेती पर सरकार का जोर:

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। कम पानी और कम खाद के उपयोग से अधिक उत्पादन प्राप्त करने पर जोर दिया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने, खेतों तक पानी पहुंचाने और उन्नत बीज उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार “खेत बचाओ अभियान” के माध्यम से भूमि की उर्वरता बनाए रखने की दिशा में भी काम कर रही है।

ग्रामीण सेवा शिविर का किया निरीक्षण:

मुख्यमंत्री ने इससे पहले पाली जिले के नेतरा गांव में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का भी निरीक्षण किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास तथा खुशहाली के नए आयाम स्थापित हों।

किसानों को सशक्त बना रही सरकार:

उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों का सम्मान, सशक्तीकरण और समृद्धि ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है और इसी संकल्प के साथ केंद्र व राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को अधिक समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *