नागौर में ‘नशे की फैक्ट्री’ का भंडाफोड़, 100 करोड़ से ज्यादा की MDMA बरामद

Spread the love

नागौर। ऑपरेशन ‘नशा मुक्त नागौर’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए MDMA तैयार करने वाली कथित अवैध लैब का खुलासा किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 5.418 किलो MDMA, 2.744 किलो कैफीन, 24 प्रकार के केमिकल और करीब 210 लीटर रासायनिक सामग्री बरामद की है। पुलिस के मुताबिक जब्त MDMA और अन्य सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

किराए के मकान में तैयार किया था कथित लैब सेटअप

पुलिस के अनुसार मामले में 28 वर्षीय महावीर जाट, निवासी लक्ष्मणपुरा, कुचेरा और हाल निवासी दीप कॉलोनी, नागौर को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर अधिक कमाई के लालच में नौकरी छोड़कर MDMA बनाने का काम शुरू किया और ऑनलाइन माध्यम से इसकी जानकारी जुटाई।

आरोपी ने नागौर में किराए के मकान में कथित तौर पर लैब तैयार की थी। जोधपुर रोड स्थित मकान से मिक्सिंग मशीन, मैग्नेटिक स्टिरर, पीएच मीटर, बीकर, कांच के जार, सुखाने की प्लेटें और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

10 से 12 सिम बदलने का खुलासा

पुलिस जांच में आरोपी द्वारा 10 से 12 मोबाइल सिम का इस्तेमाल करने और बार-बार सिम बदलने की बात सामने आई है। पुलिस ने मौके से मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है।

नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ एक आरोपी तक सीमित नहीं है। पूछताछ में कुछ अन्य लोगों की भूमिका सामने आई है और मामले में चार सहयोगियों के संबंध में भी जांच चल रही है।

पुलिस अब कथित केमिकल सप्लाई, तकनीक उपलब्ध कराने, तैयार MDMA के नेटवर्क, लेन-देन और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पड़ताल कर रही है।

10 अगस्त की कार्रवाई से खुली दूसरी लोकेशन

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच 10 अगस्त 2026 को दीप कॉलोनी में हुई कार्रवाई के बाद आगे बढ़ी। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर जोधपुर रोड स्थित दूसरे ठिकाने का पता चला, जहां से बड़ी मात्रा में MDMA और लैब से संबंधित सामग्री बरामद की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *