कोटा | रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कोटा ने अपनी त्वरित कार्रवाई, तकनीकी सतर्कता और ईमानदार कार्यशैली का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का लगभग 18.75 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषणों से भरा हैंडबैग सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। यह पूरी कार्रवाई “ऑपरेशन अमानत” के तहत अंजाम दी गई।
घटना 15 जुलाई 2026 की सुबह की है। महिला यात्री श्रीमती शबीना खान कोटा रेलवे स्टेशन से सारंगपुर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं। स्टेशन पहुंचने के लिए उन्होंने जिस ऑटो-रिक्शा का उपयोग किया, उसी में उनका मैरून रंग का हैंडबैग भूलवश छूट गया। ट्रेन रवाना होने के बाद बैग का ध्यान आने पर उन्होंने अपनी रिश्तेदार मुस्कान खान को सूचना दी, जिन्होंने तुरंत आरपीएफ कोटा चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक सी.एस. दावर के निर्देशन में उप-निरीक्षक कप्तान सिंह और आरक्षक अनिल रावल की टीम ने बिना समय गंवाए जांच शुरू की। स्टेशन परिसर और बाहरी क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की गहन पड़ताल कर संबंधित ऑटो-रिक्शा की पहचान की गई। इसके बाद पार्किंग क्षेत्र में ऑटो और चालक को तलाश कर वाहन की जांच की गई।
जांच के दौरान ऑटो की सीट पर शिकायत के अनुसार मैरून रंग का हैंडबैग सुरक्षित अवस्था में मिला। बैग को आरपीएफ चौकी लाकर परिजनों की मौजूदगी में खोला गया, जिसमें चार सोने की चूड़ियां, चार सोने की अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने के झुमके, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक सामान सुरक्षित मिला। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई।
पहचान और आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरपीएफ ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बैग और उसमें रखा सामान मुस्कान खान को सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने आरपीएफ की तत्परता, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर विशेष ध्यान रखें। यदि किसी कारणवश सामान खो जाए या कहीं छूट जाए, तो तुरंत नजदीकी आरपीएफ चौकी या रेल मदद हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर सामान बरामद किया जा सके।