Headlines

कोटा में गोलगप्पे खाने से 115 लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप

Spread the love

जयपुर/कोटा |राजस्थान के कोटा जिले के दीगोद उपखंड के पोलाई खुर्द गांव में ठेले पर बिक रहे गोलगप्पे खाने के बाद करीब 115 लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। प्रभावित लोगों में बड़ी संख्या बच्चों की है। उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद 12 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिमलिया में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य का गांव में लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर में उपचार किया जा रहा है।

मंगलवार रात अचानक कई लोगों के बीमार पड़ने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन हरकत में आया। उपखंड अधिकारी दीपक महावर, बीसीएमओ डॉ. राजेश सामर सहित मेडिकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। 108 एम्बुलेंस की मदद से गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं एएनएम और आशा कार्यकर्ता घर-घर सर्वे कर प्रभावित लोगों की पहचान कर रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोलगप्पे बेचने वाला ठेला शोली गांव के एक विक्रेता का था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने गोलगप्पों में इस्तेमाल किए गए पानी और खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद यदि लापरवाही या खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अधिकांश मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *