अयाना थाना क्षेत्र के कजलियां गांव की घटना; पुलिस जांच में जुटी, लूट का मामला नहीं, रंजिश सहित अन्य पहलुओं पर पड़ताल जारी
कोटा/जयपुर: राजस्थान के कोटा जिले में अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इटावा इलाके के अयाना थाना क्षेत्र स्थित कजलियां गांव में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक वृद्ध दंपती पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सुबह पड़ोसियों को हुई घटना की जानकारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कजलियां गांव निवासी चुन्नीलाल सुमन और उनकी पत्नी कमला बाई सुमन गांव में अकेले रहते थे। सोमवार देर रात करीब 2:00 बजे अज्ञात हमलावर उनके घर में दाखिल हुए और दंपती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मंगलवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और बुजुर्ग बाहर नहीं आए, तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब आसपास के लोगों ने घर के भीतर जाकर देखा, तो वहां का दृश्य खौफनाक था। दोनों बुजुर्ग लूलुहान हालत में पड़े थे। ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना अयाना पुलिस थाने को दी।
अस्पताल में पत्नी को घोषित किया मृत, पति कोटा रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में पड़े दंपती को तत्काल इटावा अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने कमला बाई सुमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आने के कारण चुन्नीलाल सुमन की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एफएसएल और एमओबी टीम ने जुटाए साक्ष्य
अयाना थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि हमलावरों ने धारदार हथियारों से बुजुर्गों के सिर पर वार किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) और एमओबी (MOB) टीमों को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रंजिश की आशंका:
थानाधिकारी के अनुसार, प्राथमिक जांच में घर से कोई सामान या नकदी गायब होने की बात सामने नहीं आई है, जिससे पहली नजर में यह चोरी या लूट की नीयत से किया गया हमला नहीं लगता। दंपती की एकमात्र बेटी की शादी बारां में हुई है और दोनों लंबे समय से गांव में अकेले ही रहते थे। पुलिस अब आपसी रंजिश समेत तमाम संभावित कोणों से मामले की तफ्तीश कर रही है।