झालावाड़। राजस्थान सरकार के ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत झालावाड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कैफिनेटेड बेवरेज रेड बुल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 339 कैन सीज कर दीं। विभाग ने उत्पाद का नमूना राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा है, जहां इसकी गुणवत्ता और लेबल पर किए गए दावों की जांच की जाएगी।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित मै. श्री सांवलिया जी सेल्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां मिलीलीटर क्षमता वाली रेड बुल की कुल 360 कैन बिक्री के लिए रखी मिलीं। उत्पाद के लेबल पर “Energy Drink” और “Vitalizes Body and Mind” जैसे दावे अंकित पाए गए, जिनकी वैधानिक जांच आवश्यक होने पर विभाग ने कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा दल ने एक कैन का नमूना जांच के लिए लिया, जबकि शेष 339 कैन मौके पर ही सीज कर दीं। अब प्रयोगशाला रिपोर्ट और लेबल जांच के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस में भी अनियमितताएं सामने आईं। विभाग को लाइसेंस में व्यवसाय स्थल का पूरा पता दर्ज नहीं मिला। साथ ही, पूर्व में दर्ज एक मिसब्रांडिंग (Misbranding) मामले में लगाया गया जुर्माना भी जमा नहीं कराया गया था। विभाग ने संबंधित कारोबारी को लाइसेंस में आवश्यक संशोधन कराने और लंबित जुर्माना जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित निर्देशों की पालना नहीं की गई तो न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार खाद्य लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को सीज करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
विभाग का कहना है कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों और भ्रामक प्रचार वाले खाद्य एवं पेय उत्पादों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।