जालोर में शिक्षक भर्ती फर्जीवाड़े पर बड़ी कार्रवाई, 15 बर्खास्त और 21 निलंबित

Spread the love

जालोरसरकारी शिक्षक भर्ती में कथित फर्जीवाड़े और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों में जालोर जिले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पिछले पांच वर्षों में हुई सरकारी नियुक्तियों की जांच के दौरान शिक्षा विभाग से जुड़े कई मामलों में अनियमितताएं सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, जालोर में अब तक 15 कार्मिकों की सेवाएं समाप्त की गई हैं, जबकि 21 कार्मिक निलंबित किए गए हैं। वहीं 113 तृतीय श्रेणी शिक्षकों के मामले एसओजी मुख्यालय जयपुर में जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।

शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती में 11 बर्खास्त

शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 से जुड़े मामलों में जांच के बाद परमेश्वरी विश्नोई, विमला, एलची, विक्रम, सुरेश कुमार, चेतन पुरोहित, भारमल, राजाराम, मनोहरलाल, गणपतलाल और अशोक कुमार की सेवाएं समाप्त की गईं। यह कार्रवाई जनवरी से जून 2025 के बीच की गई।

नकल और डमी अभ्यर्थी मामलों में भी कार्रवाई

जिला शिक्षा विभाग के अंतर्गत कई कार्मिकों पर भर्ती परीक्षाओं में नकल, डमी अभ्यर्थी बैठाने, फर्जी डिग्री इस्तेमाल करने और दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी जैसे आरोपों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। कई मामलों में जांच अभी विचाराधीन बताई गई है।

प्रारंभिक शिक्षा विभाग में भी भर्ती परीक्षाओं से संबंधित मामलों में पांच कार्मिकों की सेवाएं समाप्त की गई हैं। इनमें रीट-2021, कनिष्ठ अभियंता भर्ती-2020, उप निरीक्षक भर्ती-2021 और तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती-2022 से जुड़े मामले शामिल हैं।

113 तृतीय श्रेणी शिक्षकों पर एसओजी की नजर

शिक्षा विभाग के अनुसार, 113 तृतीय श्रेणी शिक्षकों के खिलाफ मामले एसओजी मुख्यालय जयपुर में विचाराधीन हैं। इनमें हस्ताक्षर और फोटो मिसमैच जैसे मामलों की संख्या अधिक बताई गई है। फिलहाल संबंधित कार्मिकों के ड्यूटी पर होने की जानकारी है। जांच में आरोप पुख्ता पाए जाने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में कथित फर्जीवाड़े को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। अब निगाहें एसओजी जांच के परिणाम और आगे होने वाली विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *