जयपुर | 24 जुलाई 2026 राजधानी जयपुर में शुक्रवार को पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-युवा एकत्र हुए। जवाहर सर्किल पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, रोजगार के बेहतर अवसर और शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। प्रदर्शन के दौरान कई छात्र-छात्राएं हाथों में संविधान की प्रति, भगत सिंह का चित्र और विभिन्न संदेशों वाले पोस्टर लेकर पहुंचे। कुछ प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए डफली और डमरू भी बजाते नजर आए।
छात्रों का कहना था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में हुए छात्र आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि आंदोलन में शामिल लोग अपने संसाधनों से आवश्यक व्यवस्थाएं कर रहे हैं और आंदोलन को लेकर लगाए जा रहे कुछ आरोप निराधार हैं। एक छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन स्थल पर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया, जिसके बाद संबंधित व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रदर्शन के अंत में छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।