डीडवाना-कुचामन (राजस्थान): राजस्थान में खाद्य सुरक्षा विभाग का मिलावटी और भ्रामक प्रचार वाले उत्पादों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में डीडवाना जिले के छोटी खाटू स्थित एक गोदाम पर कार्रवाई करते हुए पेप्सिको स्टिंग कैफिनेटेड बेवरेज की 15,780 कैन और बोतलों को सीज किया गया। उत्पाद के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की यह कार्रवाई आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में की गई। अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि एफएसएसएआई अधिनियम के तहत कैफिनेटेड बेवरेज का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार, FSSAI ने कैफिनेटेड पेय पदार्थों के लेबल पर “Energy Drink”, “Sports Drink”, “Stimulates Mind” और “Energizes Body” जैसे दावों को भ्रामक प्रचार की श्रेणी में माना है। इसी संबंध में कई प्रमुख बेवरेज कंपनियों को नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।
सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि अधिक कैफीन वाले पेय गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इसी कारण ऐसे उत्पादों की लेबलिंग और प्रचार पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल चौधरी एवं सहायक कर्मचारी राजूराम की टीम ने संयुक्त रूप से की।