विश्व ऊंट दिवस पर गूंजा संरक्षण का संदेश, वीर हड़मलजी रायका गौरव दिवस के रूप में मनाया गया आयोजन

Spread the love

चित्तौड़गढ़ में विश्व ऊंट दिवस पर वीर हड़मलजी रायका गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया। भव्य शोभायात्रा, ऊंट संरक्षण का संदेश और समाज की प्रतिभाओं के सम्मान ने आयोजन को विशेष बना दिया।

चित्तौड़गढ़ में विश्व ऊंट दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वीर हड़मलजी रायका गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित करते अतिथि।

रेगिस्तान के जहाज और देश के राष्ट्रीय पशु ऊंट के संरक्षण तथा उसके ऐतिहासिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को विश्व ऊंट दिवस के अवसर पर चित्तौड़गढ़ में वीर हड़मलजी रायका गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए और ऊंट संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सांवरिया विश्रांति गृह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि ऊंट का मानव जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विशेष रूप से रेगिस्तानी क्षेत्रों में यह पशु सदियों से परिवहन, आजीविका और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊंटों की लगातार घटती संख्या चिंता का विषय है और इसके संरक्षण को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। विधायक ने रेबारी समाज की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने वर्षों से इस महत्वपूर्ण पशु के संरक्षण का दायित्व निभाया है, जिसके लिए वह धन्यवाद का पात्र है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जेतारण के लक्ष्मणनाथ महाराज एवं डेरावल के प्रेमनाथ महाराज रहे, जबकि अध्यक्षता रेबारी समाज के जिलाध्यक्ष श्रीलाल रायका ने की। राजाराम रायका ने बताया कि विश्व ऊंट दिवस को समाज द्वारा वीर हड़मलजी रायका गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस अवसर पर प्रातः महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित खरडेश्वर महादेव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सजे-धजे ऊंट, ऊंट गाड़ियां, बैंड-बाजों की मधुर धुनें तथा पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित समाजजन आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाती हुई शोभायात्रा में शामिल हुईं। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत किया गया।

शोभायात्रा कलेक्ट्री चौराहा और सुभाष चौक से होकर किला रोड स्थित शेषावतार कल्लाजी मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर झालाराम, अर्जुनलाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक रायका, हीरालाल, प्राचार्य मिठुलाल रेबारी, भंवर, कार्तिक, डॉ. सुखराम, जीवनलाल, तुलसीराम सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पृथ्वीराज रेबारी ने किया।

विश्व ऊंट दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल ऊंट संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने वाला रहा, बल्कि समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *