बूंदी (राजस्थान)। राजस्थान के बूंदी जिले में जयपुर-कोटा-बूंदी हाईवे पर चित्तौड़ रोड पुलिया के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर और अचानक हुए एक तकनीकी फाल्ट ने कुछ ही सेकंड में पांच वाहनों को आपस में भिड़ा दिया। इस भीषण भिड़ंत में चार ट्रेलर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
टायर फटते ही बेकाबू हुआ काल बना ट्रेलर
सदर थाना पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब जयपुर-कोटा-बूंदी हाईवे पर एक ट्रेलर बेहद तेज गति से आ रहा था। चित्तौड़ रोड पुलिया के पास अचानक ट्रेलर का अगला टायर धमाके के साथ फट गया। टायर फटने से चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बेकाबू ट्रेलर सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रेलर से जा टकराया।
रफ्तार इतनी तेज थी कि पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी संभल नहीं पाए और एक के बाद एक आपस में भिड़ते चले गए।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
हादसे का एक लाइव सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जो दुर्घटना की भयावहता को बयां कर रहा है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही है, तभी पीछे से एक अनियंत्रित डंपर/ट्रेलर काल बनकर आता है। वह ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मारते हुए आगे खड़े तीन अन्य ट्रेलरों को अपनी चपेट में ले लेता है। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का आधा हिस्सा टूटकर अलग हो गया।
आधे घंटे तक केबिन में फंसा रहा ड्राइवर, क्रेन से बचाई जान
इस भिड़ंत में बीच में फंसा एक ट्रेलर पूरी तरह पिचक गया। उसका चालक केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गया और दर्द से तड़पने लगा। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत और क्रेन की मदद से केबिन के हिस्सों को काटकर करीब आधे घंटे बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
राहत की बात: हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। स्थानीय प्रशासन और राहगीरों की सूझबूझ से समय रहते सभी को निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
डेढ़ घंटे तक बंद रहा हाईवे, क्रेन से हटाए गए वाहन
दुर्घटना के बाद जयपुर-कोटा-बूंदी हाईवे पर वाहनों का कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहत और बचाव कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके, इसके लिए पुलिस ने हाईवे के एक हिस्से पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से एक तरफ किया गया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को धीरे-धीरे सुचारु रूप से बहाल कराया।
सदर थाना पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे की मुख्य वजह ट्रेलर का टायर फटना सामने आया है। हालांकि, पुलिस मामले दर्ज कर दुर्घटना के अन्य सभी तकनीकी पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है।