Headlines

भरतपुर में दर्दनाक हादसा: मजदूरी पर जा रही महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 की मौत, 9 का इलाज जारी

Spread the love

भरतपुर जिले के वैर उपखंड में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में खेतों पर मजदूरी के लिए जा रही महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल 11 महिलाओं को उपचार के लिए भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों का इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर गांव की महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर कृषि कार्य के लिए खेतों की ओर जा रही थीं। रास्ते में ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए।

सूचना मिलते ही वैर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से घायलों को पहले वैर के अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 11 महिलाओं को आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान धौरी और मिथलेश नामक दो महिलाओं की मौत हो गई। अन्य नौ महिलाओं का इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

वैर थाना प्रभारी धीरेन्द्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने अचानक एक जानवर आ गया, जिससे चालक ने वाहन मोड़ने का प्रयास किया और ट्रॉली सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *