Jaipur: बाड़मेर भारत के प्रथम गांव माणा से गूंजा योग का संदेश, स्काउट मास्टर्स ने केदारनाथ-बद्रीनाथ यात्रा कर बढ़ाया गौरव

Spread the love

बाड़मेर/बालोतरा। भारत स्काउट एवं गाइड के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय युवा साहसिक कार्यक्रम एवं केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम दर्शन यात्रा (16 जून से 23 जून 2026) के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत के प्रथम गांव माणा में एक प्रेरणादायक एवं ऐतिहासिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिमालय की दिव्य वादियों के बीच आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देशभर से आए 75 स्काउट मास्टर्स ने सहभागिता कर योग, स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

भारत स्काउट एवं गाइड बाड़मेर के सीओ योगेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बाड़मेर एवं बालोतरा जिले से कुल 16 स्काउट मास्टर्स ने इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। हिमालय की गोद में आयोजित यह योग कार्यक्रम सभी प्रतिभागियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अद्भुत अनुभव साबित हुआ।

यात्रा दल ने विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की कठिन 17 किलोमीटर पैदल यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। ऊँचे पर्वतों, दुर्गम मार्गों और चुनौतीपूर्ण मौसम परिस्थितियों के बीच स्काउट मास्टर्स ने अनुशासन, टीम भावना एवं सेवा के आदर्शों का शानदार प्रदर्शन किया। बाबा केदार के दर्शन के दौरान सभी श्रद्धालुओं ने राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

इसके पश्चात दल ने भगवान बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। यात्रा के दौरान स्काउट मास्टर्स ने उत्तराखंड के पवित्र पंच प्रयाग—देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, नंदप्रयाग एवं विष्णुप्रयाग के दर्शन कर भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं प्राकृतिक सौंदर्य का निकट से अनुभव किया।

भारत के अंतिम छोर पर बसे और देश के प्रथम गांव के रूप में प्रसिद्ध माणा गांव की यात्रा प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यहां स्थित सरस्वती नदी उद्गम क्षेत्र, भीम पुल तथा सीमा क्षेत्र के अद्भुत प्राकृतिक दृश्यों ने सभी को रोमांचित कर दिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर माणा गांव से दिया गया योग का संदेश देशभर में स्वास्थ्य, सद्भाव और सकारात्मक जीवन दृष्टि का प्रेरक संदेश बनकर उभरा।

यात्रा दल में ग्रुप लीडर खींया राम एवं हनुमान राम विश्नोई के नेतृत्व में चेना राम ज्याणी, दशरथ कुमार गर्ग, भगवान सहाय मीणा, मेवा राम, महिपाल सिंह, सुरेंद्र चौधरी, प्रभु दयाल, धर्माराम बालाच, हरचंद राम, चिमन लाल, नरपत सिंह, नखता राम सेजू, शंकर राम बोसियां तथा महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रही, बल्कि साहसिक गतिविधियों, नेतृत्व विकास, आत्मविश्वास, टीम वर्क, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आई। बाड़मेर और बालोतरा के स्काउट मास्टर्स ने कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में भी अदम्य उत्साह, समर्पण और स्काउटिंग के मूल्यों का परिचय देकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की है। उनकी यह उपलब्धि जिले ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राजस्थान के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *