Headlines

बालोतरा में नायब तहसीलदार का शव टांके में मिलने से सनसनी, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

Spread the love

बालोतरा | 04 अगस्त 2026 राजस्थान के बालोतरा जिले में एक नायब तहसीलदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दुधवा उप तहसील में कार्यरत 54 वर्षीय नायब तहसीलदार मंगलाराम का शव उनके सरकारी क्वार्टर के पास बने पानी के टांके में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पड़ोसी क्वार्टर में रहने वाली एक महिला पानी भरने के लिए टांके पर पहुंची, जहां उसने शव देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक मूल रूप से गुड़ामालानी क्षेत्र के निवासी थे और दुधवा उप तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

पचपदरा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल एवं एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि सभी साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परिजनों की रिपोर्ट तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *