बनासकांठा जिले में रिलायंस फाउंडेशन और राजस्थान बाल कल्याण समिति के संयुक्त प्रयासों से दांता, हडाद और अमीरगढ़ तहसीलों में ग्रामीण विकास गतिविधियों को गति प्रदान की जा रही है। इन्हीं गतिविधियों के अंतर्गत तथा आगामी वर्षों में गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विश्व ओलंपिक दिवस का विशेष आयोजन किया गया।
विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर 21 जून से 23 जून तक अमीरगढ़ तहसील के काकवाड़ा गांव में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों तथा गांव के सक्रिय नागरिकों की उपस्थिति में उत्साहपूर्वक ओलंपिक दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम में 370 से अधिक बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों के लिए नींबू-चम्मच दौड़, 100 मीटर दौड़, रस्साकशी, बोरी दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में खेल भावना, टीम वर्क तथा शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और ग्रामीणों को ओलंपिक खेलों के महत्व, इसके मूल्यों तथा विभिन्न खेलों के बारे में जानकारी दी गई। खेल महोत्सव में विजेता प्रतिभागियों एवं उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में पांचों गांवों के विद्यालय परिवार, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं, रिलायंस फाउंडेशन तथा राजस्थान बाल कल्याण समिति का उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने तथा ओलंपिक के मूल्यों को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया गया।