जयपुर | राजस्थान में लंबे समय से लंबित निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में चुनाव प्रक्रिया का विस्तृत रोडमैप पेश करते हुए बताया कि 17 अगस्त तक नगर निकाय चुनावों की घोषणा की जाएगी, जबकि 23 सितंबर को पंचायत चुनावों का ऐलान होगा।
सरकार के अनुसार चुनाव दो चरणों में होंगे। सबसे पहले नगर निकाय चुनाव संपन्न कराए जाएंगे, उसके बाद पंचायत चुनाव आयोजित किए जाएंगे। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि ओबीसी आयोग 5 अगस्त तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप देगा। इसके बाद 15 अगस्त तक एससी, एसटी, ओबीसी और महिला वर्ग के लिए आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग के पास चुनाव कराने के लिए 90 दिनों का समय रहेगा। ऐसे में 15 नवंबर तक विभिन्न चरणों में मतदान कराए जाने की संभावना है।
चुनावी कार्यक्रम की रूपरेखा सामने आने के साथ ही प्रदेश की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, वहीं संभावित उम्मीदवार भी चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। अब सभी की नजरें राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग की अगली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।