सिरोही | 15 जुलाई 2026 विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय सिरोही एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मांडवा–सिरोही के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को आईटीआई परिसर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना और बदलते समय के अनुरूप नई तकनीकी दक्षताओं को अपनाने के लिए जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा, केंद्रीय संचार ब्यूरो सिरोही के प्रभारी अधिकारी फूलचंद गहलोत, वरिष्ठ योगाचार्य भीख सिंह भाटी तथा आईटीआई मांडवा के समूह अनुदेशक भरत कुमार ने युवाओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी कौशल ही सफलता और आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी कुंजी है। युवाओं को निरंतर सीखने और अपने कौशल को समयानुकूल विकसित करने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर संस्थान परिसर में जागरूकता रैली, संगोष्ठी, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अनुदेशक जयंतीलाल, कपूराराम मीणा, गोपाल, श्रवण कुमार एवं दिलीप कुमार सहित विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षार्थी और संस्थान का स्टाफ उपस्थित रहा।