Headlines

सिरोही में स्वास्थ्य नियमों की उड़ी धज्जियां: पिण्डवाड़ा में बिना पर्ची धड़ल्ले से बिक रही H1 ड्रग्स और कफ सिरप, प्रशासन मौन

Spread the love

CMHO और ड्रग इंस्पेक्टर की सुस्ती से बढ़ा ‘झोलाछापों’ का हौसला; क्या ‘ऊपरी कमाई’ के चक्कर में दांव पर लगी है जनता की जान?

​पिण्डवाड़ा/सिरोही। सिरोही जिले की पिण्डवाड़ा तहसील में इन दिनों स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर नजर आ रही है। क्षेत्र में खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर प्रतिबंधित कफ सिरप और खतरनाक ‘H1 शेड्यूल’ की दवाइयां बिना डॉक्टर की पर्ची के धड़ल्ले से बेची जा रही हैं। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगातार उठ रहे गंभीर सवालों के बावजूद सिरोही के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. दिनेश खराड़ी और स्थानीय ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा कोई सख्त एक्शन नहीं लिया जाना, पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर रहा है।

​नियमों को ताक पर रखकर चल रहा है अवैध कारोबार

​स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिण्डवाड़ा तहसील में नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। क्षेत्र में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टरों के पास बिना बिल और नियमों के विरुद्ध भारी मात्रा में दवाइयों का अवैध स्टॉक और आदान-प्रदान हो रहा है। इतना ही नहीं, कई मेडिकल स्टोर और निजी अस्पताल बिना किसी योग्य फार्मासिस्ट और बिना वैध रजिस्ट्रेशन के ही संचालित हो रहे हैं। मोटे मुनाफे के चक्कर में इन सेंटरों पर धड़ल्ले से H1 श्रेणी की दवाइयां (जिनके अनियंत्रित इस्तेमाल से गंभीर लत या स्वास्थ्य को नुकसान हो सकता है) बेची जा रही हैं।

​अवैध रजिस्ट्रेशन का खेल और मिलीभगत की आशंका

​हैरानी की बात यह है कि पिण्डवाड़ा में चंद रसूखदारों और दवा व्यापारियों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों को दरकिनार कर नए मेडिकल रजिस्ट्रेशन धड़ाधड़ जारी किए जा रहे हैं। ड्रग इंस्पेक्टर की रहस्यमयी चुप्पी ने अवैध मेडिकल कारोबारियों के हौसले बुलंद कर दिए हैं।

​जनता के बीच अब यह बड़ा सवाल गूंज रहा है कि आखिर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा इस जानलेवा खेल को देखकर भी आंखें मूंदे क्यों बैठा है? क्या यह सिर्फ प्रशासनिक नाकामी है या फिर ‘ऊपरी कमाई’ के फेर में पूरे तंत्र ने मौन धारण कर रखा है? अगर समय रहते इन झोलाछापों और भ्रष्ट दवा कारोबारियों पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो क्षेत्र में किसी बड़े स्वास्थ्य संकट से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *