शिवगंज और जावाल को मिली बड़ी सौगात, अमृत 2.0 जल योजना का शुभारंभ, 42 करोड़ रुपये से पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत

Spread the love

सिरोही, 9 जुलाई। सिरोही जिले के शिवगंज और जावाल क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की अमृत 2.0 योजना के तहत करोड़ों रुपये की जल परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। गुरुवार को राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित सहित जनप्रतिनिधियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शिलालेख का अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

शिवगंज को मिलेगी आधुनिक जलापूर्ति व्यवस्था

शिवगंज शहर में लगभग 31.84 करोड़ रुपये की लागत से जल योजना का विस्तार और पुनरुद्धार किया जाएगा। परियोजना के तहत 6 एमएलडी क्षमता का आधुनिक जल शोधन संयंत्र, तीन नए उच्च जलाशयों का निर्माण, करीब 21.64 किलोमीटर राइजिंग मेन पाइपलाइन तथा 76.55 किलोमीटर नई वितरण पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को भी बदला जाएगा, जिससे नई कॉलोनियों तक भी नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

इस योजना के पूरा होने के बाद शहर में वर्तमान 70 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की जलापूर्ति बढ़ाकर 100 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की जाएगी। वर्ष 2055 तक की अनुमानित जल आवश्यकता को ध्यान में रखकर पूरी परियोजना तैयार की गई है, जिसकी जल आपूर्ति जवाई बांध से सुनिश्चित होगी।

जावाल में भी पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत

जावाल कस्बे में 10.17 करोड़ रुपये की लागत से अमृत 2.0 योजना के तहत जलापूर्ति प्रणाली का विस्तार किया जाएगा। योजना में दो नए उच्च जलाशयों, 7.44 किलोमीटर राइजिंग मेन पाइपलाइन, 33.25 किलोमीटर वितरण पाइपलाइन, नए पम्प हाउस और स्वच्छ जलाशय का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा वर्ष 2055 तक की जल मांग को देखते हुए पांच नए नलकूप भी स्थापित किए जाएंगे। योजना के पूरा होने के बाद जावाल में वर्तमान 50 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की जलापूर्ति बढ़ाकर 70 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों ने बताया विकास का महत्वपूर्ण कदम

राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अमृत 2.0 योजना क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को नई मजबूती देगी और आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में जलदाय विभाग के अधिकारियों ने परियोजना की तकनीकी जानकारी भी साझा की। इस अवसर पर एसडीएम आशुराम नायक, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *