जयपुर में बेकाबू ट्रॉला का कहर: सड़क किनारे बैठे परिवार पर चढ़ा, पिता समेत 3 मासूमों की मौत, मां गंभीर घायल

Spread the love

जयपुर | राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट अजमेर बाईपास पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुब्बारे बेचकर जीवनयापन करने वाले परिवार पर बेकाबू ट्रॉला चढ़ गया। हादसे में पिता और उसके तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतकों की पहचान चंद्र प्रकाश, रमेश (11), रतन (10) और दीपक (8) के रूप में हुई है। घायल कैलाशी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। परिवार मूल रूप से राजस्थान के राजसमंद जिले के जैतपुरा गांव का रहने वाला बताया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह परिवार सड़क किनारे अन्य मजदूरों के साथ मौजूद था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रॉला अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए उनकी ओर आ गया और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर ट्रॉला और उसके चालक की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे पर प्रदेशभर में शोक की लहर है। कई जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायल महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *