सिरोही जिले के 488 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, जिला मुख्यालय पर 5 अभ्यर्थियों को मंच से किया सम्मानित
सिरोही | 04 जुलाई। प्रधानमंत्री Narendra Modi के जोधपुर और बालोतरा से जुड़े विकास कार्यक्रम का शनिवार को सिरोही जिले में जिला मुख्यालय से लेकर सभी ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक वर्चुअल प्रसारण किया गया। इस दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन, संशोधित उड़ान योजना के शुभारंभ तथा बालोतरा के पचपदरा में आयोजित समारोह से विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण कार्यक्रम को लाइव देखा।
जिला मुख्यालय पर स्वामीनारायण मंदिर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. राजेश गोयल, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, सिरोही प्रधान हंसमुख कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर जिला मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से पांच युवाओं को मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपे। वहीं जिलेभर में कुल 488 अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर नव-नियुक्त युवाओं ने इसे अपने करियर की नई शुरुआत बताते हुए सरकार के रोजगार अभियान के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं, रोजगार और विकास से जुड़ी परियोजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने भी सभी ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम के सफल संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की।