जोधपुर को पीएम मोदी की बड़ी सौगात: नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन, अब एक साथ 12 विमान होंगे खड़े

Spread the love

वर्तमान टर्मिनल से सात गुना बड़ा नया परिसर, 35 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार; उद्घाटन के बाद पीएम पचपदरा के लिए रवाना

जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान दौरे की शुरुआत जोधपुर से करते हुए नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण किया। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

लोकार्पण के दौरान प्रधानमंत्री ने नए टर्मिनल का निरीक्षण किया और एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली। एयरपोर्ट परिसर में पारंपरिक राजस्थानी लोकनृत्य के साथ उनका स्वागत किया गया। लगभग 15 मिनट तक एयरपोर्ट पर रुकने के बाद प्रधानमंत्री पचपदरा के लिए रवाना हो गए।

नया टर्मिनल पुराने परिसर की तुलना में करीब सात गुना बड़ा है और इसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां एक साथ 12 विमानों की पार्किंग की सुविधा, छह एयरोब्रिज और आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही विस्तृत पार्किंग क्षेत्र और अत्याधुनिक सुरक्षा एवं संचालन व्यवस्था भी विकसित की गई है।

नए टर्मिनल के संचालन से जोधपुर एयरपोर्ट की यात्री क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। इसे अगले 35 वर्षों के संभावित यात्री भार को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिससे मारवाड़ क्षेत्र में हवाई संपर्क और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में उड़ान योजना के अगले चरण की भी शुरुआत की, जिसके तहत आने वाले वर्षों में देशभर में हवाई अवसंरचना के विस्तार पर बड़े स्तर पर निवेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *