Headlines

धौलपुर में गुर्जर समाज की सरकार को दोटूक चेतावनी: 12 जुलाई तक समझौता लागू नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

Spread the love

जयपुर/धौलपुर | 03 जुलाई 2026 पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के बाद धौलपुर जिले के भवूतीपुरा गांव में शुक्रवार को गुर्जर समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में समाज के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया तथा राज्य सरकार से किए गए लिखित समझौते को शीघ्र लागू करने की मांग की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 12 जुलाई को होने वाली पगड़ी रस्म तक समझौते की सभी शर्तों पर अमल नहीं हुआ, तो गुर्जर समाज प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगा। समाज के नेताओं ने कहा कि समझौते का सम्मान होना चाहिए और प्रशासन को तय समय में कार्रवाई करनी चाहिए।

बैठक में गुर्जर समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतराम तंवर, मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह चेंची सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। बैठक शांतिपूर्ण रही, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया।

गौरतलब है कि 29 जून को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन और समाज के बीच लिखित समझौता हुआ था। परिजनों का आरोप है कि अब तक उस समझौते की शर्तों को लागू नहीं किया गया है।

बैठक के दौरान जगन गुर्जर के पुत्र आसाराम ने समाज से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि तय समय तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो आगे की रणनीति के तहत आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *