Headlines

कोटा में RTO कार्रवाई के विरोध में ट्रक चालकों ने NH-52 जाम किया, तीन घंटे तक थमा यातायात

Spread the love

चालान से नाराज ड्राइवरों का हाईवे पर हंगामा, 2025 में RTO निरीक्षक की मौत की घटना फिर आई चर्चा में

जयपुर/कोटा: कोटा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर गुरुवार को परिवहन विभाग की चालान कार्रवाई के बाद बड़ा यातायात संकट खड़ा हो गया। कालियाखेड़ी क्षेत्र में जांच के दौरान ओवरलोड पाए गए दो ट्रकों के चालान काटे जाने से नाराज चालकों ने अपने वाहन हाईवे पर आड़े खड़े कर दिए। इससे करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मंडाना और सीमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रकों को सड़क से हटाकर दोपहर बाद यातायात शुरू कराया गया। हालांकि भारी वाहनों की भीड़ के कारण शाम तक जाम की स्थिति बनी रही।

जाम के दौरान रोडवेज बसों सहित सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंस गए। भीषण गर्मी और उमस के बीच यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। पुलिस ने एक-एक वाहन को निकालकर यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया।

इस घटना के बाद वर्ष 2025 की वह दर्दनाक घटना भी फिर चर्चा में आ गई, जब एनएच-52 पर चेकिंग के दौरान चालान कार्रवाई से नाराज एक ट्रेलर चालक ने परिवहन निरीक्षक नरेश कुमार को कथित रूप से वाहन से कुचल दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद परिवहन अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान ओवरलोड पाए गए ट्रकों पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई थी। इसी के विरोध में चालकों ने हाईवे पर वाहन खड़े कर दिए, जिसके चलते यातायात बाधित हुआ। पुलिस की मदद से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *