3 लाख की रिश्वत के बाद ACB का बड़ा खुलासा, पूर्व संयुक्त आयुक्त पर आय से अधिक संपत्ति का नया केस दर्ज

Spread the love

98.55% ज्यादा संपत्ति मिली, ACB ने 1.73 करोड़ की बेहिसाबी संपत्ति मामले में दर्ज की FIR

 

जयपुर | 02 जुलाई 2026 भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने प्रतापगढ़ के तत्कालीन जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक एवं पूर्व संयुक्त आयुक्त राजीव गर्ग के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने का नया मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनके पास ज्ञात आय के मुकाबले लगभग 98.55 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.73 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ACB के अनुसार, आरोपी पहले से ही 3 लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद उसकी आय, बैंक खातों, निवेश, चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई। जांच में आय और संपत्ति के बीच बड़ा अंतर मिलने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नया प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था

जानकारी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि सातवें वेतनमान का स्थिरीकरण, पेंशन भुगतान और एरियर जारी करने के बदले आरोपी ने 3.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले ही 50 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था।

मकान और फ्लैट की भी हुई जांच

गिरफ्तारी के बाद ACB ने जयपुर स्थित आरोपी के मकान और फ्लैट पर कार्रवाई की। शुरुआती दौर में दोनों स्थान बंद मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया। बाद में न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद आरोपी की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए गए।

जांच जारी, और हो सकती है कार्रवाई

ACB अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की सभी चल और अचल संपत्तियों के स्रोतों की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान अन्य अनियमितताएं सामने आती हैं तो उनके आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो ने नागरिकों से भ्रष्टाचार संबंधी मामलों की सूचना हेल्पलाइन के माध्यम से देने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *