Headlines

राजस्थान पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 100 इंस्पेक्टरों के तबादले, डीजीपी मुख्यालय ने जारी किए आदेश

Spread the love

ACB जांच वाले अधिकारियों को नहीं मिलेगी पोस्टिंग, 100 पुलिस इंस्पेक्टरों के ट्रांसफर तत्काल प्रभाव से लागू

राजस्थान पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने मंगलवार को 100 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) के तबादले के आदेश जारी किए हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसेफ द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

जारी सूची में कई जिलों और पुलिस इकाइयों के निरीक्षकों का कार्यक्षेत्र बदला गया है। साथ ही, पहले अजमेर रेंज से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में स्थानांतरित किए गए पुलिस निरीक्षक सतपाल सिंह का तबादला निरस्त कर उन्हें पूर्व व्यवस्था के अनुसार ही कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिन पुलिस निरीक्षकों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कोई जांच लंबित है या कार्रवाई प्रस्तावित है, उन्हें नई तैनाती नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल डीजीपी मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए जा चुके हैं। हाल ही में 141 उप पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) के तबादले हुए थे, जबकि मई माह में 19 पुलिस निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया था। जयपुर, दौसा, कोटपुतली-बहरोड़, जयपुर ग्रामीण, झुंझुनूं सहित कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया था।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, कार्य प्रणाली में पारदर्शिता लाना तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करना है। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *