Headlines

सिरोही को एनीमिया मुक्त बनाने की पहल, 15 जुलाई से शुरू होगा ‘रोशनी अभियान’

Spread the love

बालिकाओं की सेहत पर विशेष फोकस, हीमोग्लोबिन जांच से पोषण तक चलेगा ‘रोशनी अभियान’

जिले को एनीमिया मुक्त बनाने के लिए ‘रोशनी अभियान’ की शुरुआत, बालिकाओं के स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष फोकस

सिरोही, 30 जून। जिले में किशोरियों और बालिकाओं को एनीमिया से मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने “रोशनी अभियान” शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा और जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से यह अभियान संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं और छात्रावासों में रहने वाली बालिकाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसके साथ ही हीमोग्लोबिन की जांच कर एनीमिया से प्रभावित बालिकाओं को आवश्यक उपचार, आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियां, अल्बेंडाजोल और मल्टीविटामिन उपलब्ध कराए जाएंगे। संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान का पहला चरण 15 जुलाई से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इससे पहले 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच स्वास्थ्य कर्मियों, छात्रावास वार्डनों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। साथ ही लक्षित छात्राओं का डेटाबेस तैयार कर उनके स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान प्रत्येक माह हीमोग्लोबिन स्क्रीनिंग की जाएगी और छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाएगी। विद्यालयों और छात्रावासों में पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य विषयक कार्यशालाएं आयोजित होंगी। स्वस्थ छात्राओं को “रोशनी एंबेसडर” बनाकर अन्य छात्राओं को पौष्टिक आहार और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।

पहले चरण की समीक्षा के बाद दूसरा चरण 15 जनवरी से 15 मार्च तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान दोबारा स्वास्थ्य परीक्षण और हीमोग्लोबिन जांच कर शुरुआती और अंतिम आंकड़ों की तुलना की जाएगी, ताकि अभियान के प्रभाव का आकलन किया जा सके।

जिला प्रशासन ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला अधिकारिता, जनजाति क्षेत्रीय विकास और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह अभियान जिले में बालिकाओं के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *