यमुना जल समझौते के बाद जयपुर में सीएम भजनलाल शर्मा का मेगा रोड शो, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया ऐतिहासिक स्वागत

Spread the love

“अब राजस्थान के हिस्से का पानी मिलेगा”—यमुना समझौते पर सीएम भजनलाल का बड़ा संदेश, जयपुर में शक्ति प्रदर्शन

जयपुर। यमुना जल समझौते को राजस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मंगलवार को राजधानी जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय और मुख्यमंत्री आवास तक आयोजित रोड शो में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा, जयघोष और पारंपरिक स्वागत के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

जयपुर एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ समेत वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें चांदी का कलश भेंट किया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने सम्मानपूर्वक स्वीकार किया। मीडिया से बातचीत में भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश को उसके हिस्से का पानी उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित जल परियोजनाओं को गति देकर प्रदेश के किसानों और आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।

एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री ई-बसों के काफिले के साथ भाजपा प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना हुए। रास्ते में जवाहर सर्किल, गांधी सर्किल, रामबाग सर्किल और अन्य प्रमुख स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना जल समझौता प्रदेश के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा और इससे कई क्षेत्रों में पेयजल एवं सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और इस समझौते को राजस्थान के लिए ऐतिहासिक बताया। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास पर भी विभिन्न सामाजिक संगठनों, भाजपा विधि प्रकोष्ठ और शेखावाटी क्षेत्र से आई महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से लंबित जल संबंधी मुद्दों के समाधान की दिशा में सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन से शेखावाटी सहित प्रदेश के कई इलाकों में पेयजल संकट कम होगा और किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त पानी उपलब्ध होने से कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *