300 से अधिक विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिला मंच, एसआईओ कोटा ने उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित
कोटा। विद्यार्थियों में ज्ञान, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस्लामिक नॉलेज टेस्ट (आईकेटी)-2026 के विजेताओं का सम्मान समारोह सोमवार को नयापुरा स्थित शेर वाले बाबा परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसआईओ) कोटा यूनिट द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
एसआईओ के पदाधिकारियों ने बताया कि 10 मई को शहर के पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस्लामिक नॉलेज टेस्ट में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ नैतिक और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करना था।
सम्मान समारोह में प्रत्येक वर्ग के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर काजी जुबैर अहमद रहे। विशिष्ट अतिथियों में एसआईओ के पूर्व जोनल अध्यक्ष आसिम खान, जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, कोटा के अमीर-ए-मुकामी इंजीनियर अब्दुल कुद्दूस, जोनल सेक्रेटरी मुत्तालिब मिर्जा तथा असिस्टेंट जोनल सेक्रेटरी गुलशेर अहमद मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, चरित्र निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए निरंतर सीखने और सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में एसआईओ कोटा यूनिट के अध्यक्ष अबू तल्हा ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, अतिथियों और आयोजन को सफल बनाने वाले स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ समाज में सकारात्मक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।