जयपुर: जयपुर, 28 जून। बारां पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक अंदासु के निर्देशन में जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मोठपुर पुलिस ने सट्टे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बड़ौरा निवासी कुख्यात सट्टा कारोबारी रईस उर्फ रहीस उर्फ अब्दुल रईस अंसारी तथा उसके परिजनों के नाम पर अर्जित 96 लाख 97 हजार 245 रुपये की अवैध संपत्ति एवं बैंक खातों को फ्रीज कर दिया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी अटरू रामानंद यादव के निर्देशन में थानाधिकारी देवकरण चौधरी एवं उनकी टीम ने की। जांच में सामने आया कि रईस अंसारी वर्ष 2002 से लगातार सट्टे की खाईवाली कर रहा है। उसके विरुद्ध थाना मोठपुर में आरपीजीओ एक्ट के तहत 11 प्रकरण दर्ज हैं और वह सभी मामलों में सजायाफ्ता है।
गृहणी पत्नी और बेरोजगार बेटा… फिर भी खातों में घूम रहे थे करोड़ों रुपये:
मोठपुर पुलिस की वित्तीय जांच में सामने आया कि रईस अंसारी (56) निवासी इमाम चौक, बड़ौरा का अपनी आजीविका चलाने के लिए कोई वैध या स्थाई व्यावसायिक जरिया नहीं है, लेकिन इसके बावजूद उसका पूरा परिवार रातों-रात मालामाल हो रहा था। रईस ने भोले-भाले लोगों को सट्टे के अंकों के जाल में फंसाकर करोड़ों की काली कमाई की और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए इस रकम को अपनी पत्नी और बेटे के बैंक खातों में डायवर्ट कर दिया।
आरोपी की पत्नी सलमा एक साधारण गृहणी है:
जिसके पास आय का कोई स्वतंत्र जरिया नहीं है। इसके बावजूद उसके नाम पर विभिन्न बैंकों में 05 एफडी और 01 सेविंग अकाउंट मिले, जिनमें कुल 4,64,836.60 रुपये जमा पाए गए। यह पूरी रकम रईस और उसके बेटे द्वारा सट्टे से कमाकर जमा कराई गई थी। रईस का बेटा शाहिद अहमद पूरी तरह बेरोजगार है, लेकिन उसके खातों में वर्ष 2019 से 2026 के बीच लगभग 2 करोड़ रुपये बाहर से क्रेडिट हुए। उसके एक खाते में 1,15,57,876.95 रुपये क्रेडिट व 1,15,02,991.37 रुपये डेबिट हुए, जबकि दूसरे खाते में 1,00,78,965 रुपये क्रेडिट व 1,00,75,219.24 रुपये डेबिट पाए गए। वर्तमान में उसके तीन खातों में बची राशि सहित पूरे परिवार की 14 एफडी (69,44,361/- रुपये) और 09 सेविंग अकाउंट्स (27,52,984.40/- रुपये) की कुल जमा पूंजी को पुलिस ने आधिकारिक तौर पर फ्रीज करवा दिया है।
काली कमाई से खड़ी की गई अचल संपत्तियां और लग्जरी वाहन चिन्हित:
सट्टे के इस काले कारोबार से रईस अंसारी ने अपने और परिवार के नाम पर बड़ौरा गांव में भारी-भरकम अचल संपत्तियां भी खड़ी कर ली थीं, जिन्हें पुलिस ने अपनी जांच रिपोर्ट में चिन्हित किया है.
1. ग्राम बड़ौरा के माल में कुल 1.45 हैक्टर कृषि भूमि में से 1/2 हिस्सा खुद मुख्य आरोपी रईस के नाम पर खरीदा गया। अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए है।
2. आरोपी रईस अंसारी ने 5 मार्च 2025 को ग्राम पंचायत बड़ौरा से एक भूखंड का पट्टा प्राप्त कर उस पर भव्य दो मंजिला मकान का निर्माण करवाया। अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए है।
3. सट्टे की अवैध रकम से अपनी गृहणी पत्नी सलमा के नाम पर 35×50 साइज का प्लॉट खरीदा और उस पर पक्का एक मंजिला मकान बनवाया। रईस ने सट्टे के पैसों से एक मारुति सुजुकी इको 5-स्टार एसी कार और एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी खरीदी थी।