Headlines

जालोर में 3 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य

Spread the love

जयपुर: जालोर. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में रविवार 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला मुख्यालय पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सीएमएचओ डॉ. भैराराम जाणी ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है। ऐसे में प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वे 28 जून, रविवार को आयोजित पल्स पोलियो अभियान के दौरान अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाकर ही पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बरकरार रखा जा सकता है।

जिले में 3 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य:

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजकुमार बाजिया ने बताया कि जालौर जिले में इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 3,65,846 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में कुल 1 हजार 154 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं जिसमें 1053 स्थाई बूथ तथा 44 मोबाइल एवं 57 ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून, रविवार को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं तथा पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर डॉ मुकेश चौधरी, यूनिसेफ से सुनील सोलंकी, डॉ. पवन ओझा, शिवकुमार दवे, मोहनलाल, नरेंद्र कुमार, विजेंद्र परमार, इमरान बैग, यशवंत पुंसल, सुरेशचंद्र, गुलाम खान समेत नर्सिंग प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *