जोधपुर जिस तरह गधे, घोड़े, बकरी और भैंस बिकते हैं, वैसे ही बिक रहे MP–MLA: अशोक गहलोत

Spread the love

जयपुर: जोधपुर. पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि देश में लोकतंत्र की स्थिति बहुत नाजुक दौर से गुजर रही है. हालात ऐसे हैं कि सांसद और विधायक घोड़े, गधों, बकरी और भैंस की तरह बिक रहे हैं. पहले 60 विधायक, फिर 28 में 20 सांसद और अब 9 में 6 सांसद चले गए. यह सही नहीं है. सर्किट हाउस में मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार का वित्तीय प्रबंधन फ्लॉप शो हो चुका है.

जब उनसे पूछा गया कि क्या राजस्थान में भी ऑपरेशन लोटस चल रहा है? इस पर गहलोत ने कहा कि एमपी, एमएलए गधे–घोड़े, बकरी–भैंस की तरह बिक रहे हैं. ये लोग लोकतंत्र को खत्म कर देंगे, अगर जनता नहीं चेती तो. इसके लिए युवाओं को आगे आना होगा. भजनलाल सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का वित्तीय प्रबंधन फ्लॉप शो हो चुका है. सरकार के दो-दो करोड़ रुपए के चेक पास नहीं हो रहे हैं. सभी विभागों में भुगतान अट चुके हैं. पता नहीं किस तरह का प्रबंधन सरकार में चल रहा है. जबकि यह डबल इंजन की सरकार है. सर्किट हाउस में गहलोत ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उसके बाद लोगों से मिलकर उनके परेशानियां भी सुनी.

प्रसूताओं के मामले की स्थिति स्पष्ट करे सरकार’:

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा की घटना को हुए करीब डेढ़ महीना हो चुका है. सरकार ने जवाब दिया कि यह कोटा की जैसी स्थिति नहीं है, तो सरकार स्पष्ट करे कि कोटा में क्या स्थिति थी? किस कारण घटना हुई? पांच मौतें भी हुई. लेकिन अभी तक कुछ बताया नहीं जा रहा है. सरकार को इसके प्रति गंभीर होना चाहिए. सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी. यह सरकार की बड़ी लापरवाही है. इसे जनता भी बर्दाश्त नहीं करेगी और हम भी बर्दाश्त नहीं करेंगे.

वसुंधरा के समय सही थे मंत्री’:

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर द्वारा प्रसूताओं के मामलों पर दिए जा रहे अलग-अलग तरह के बयान पर गहलोत ने कहा कि पहले इनकी गिनती अच्छे नेताओं में हुआ करती थी, जब ये वसुंधरा सरकार में मंत्री थे. लेकिन इस बार पता नहीं क्या हो गया है. लीक से हटकर बयान आ रहे हैं, इस बार कौनसा ग्रहण लग गया कि जो भी बयान दे रहे हैं, वे उलटे पड़ रहे हैं. उन्होंने चिरंजीवी योजना को लेकर भी जो बयान दिया गलत दिया था. मैंने उनसे कहा कि यह योजना गरीब और अमीर के लिए नहीं है. सभी के लिए है. पूरे देश में सिर्फ एक मात्र राजस्थान में यह लागू है.

अपने जिले में ही मंत्री की स्थिति ठीक नहीं है, पोल खुल गई:

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा उन पर लगाया गया आप पर कहा कि उन्होंने इस बार लीक से हटकर आरोप लगाए हैं, लगता है वे घबरा गए हैं. जोधपुर जिले में जो उनकी स्थिति बनी, उससे उनकी पोल खुल गई है. लेकिन यह सही नहीं है. अब प्रदेश में उनकी सरकार है, अब काम क्यों नहीं हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि मंत्री के कार्यक्रम में उनके विधायक शामिल नहीं हो रहे हैं. इससे पता चल रहा है क्या स्थिति है. ऐसी मजाक किसी भी सरकार में किसी भी विधायक ने नहीं की होगी, जो उनके विधायक उनकी मजाक उड़ा रहे हैं.

हर सरकार में भ्रष्टाचार होता है’:

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व्याप्त है. थानों में लोगों को सुनवाई नहीं हो रही है. रेपिस्ट से पुलिस वाले पैसे खा जाते हैं. गहलोत ने कहा कि भ्रष्टाचार हर सरकार में होता है, मैं स्वीकार करता हूं, लेकिन ऐसे हालात कभी नहीं हुए. इस बार तो हर तरह का रिकॉर्ड इस सरकार के राज में टूट चुका है. स्थिति बहुत नाजुक है.

सभी को सक्रिय रहना चाहिए’:

गहलोत से पूछा गया कि वे अचानक इतने सक्रिय क्यों हो गए हैं, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार जाने के बाद के अगले दिन से लगातार सक्रिय हूं. मेरा कहना है कि जो भी व्यक्ति चाहे, वह सरकारी सेवा में हो या नहीं हो या नेता हों, सभी को एक्टिव रहना चाहिए. कंपटीशन होगा, तो हेल्दी रहेंगे. हमने हमेशा जनता की राजनीति की है. जनता के बीच में नहीं जाएंगे, तो बीमार हो जाएंगे. घर बैठे–बैठे 60 साल का इंतजार नहीं करना चाहिए, हमेशा सक्रिय रहना चाहिए. मेरे कुछ दोस्त हैं, जो यह शिकायत करते रहते हैं कि ज्यादा सक्रिय हूं, लेकिन मेरा ऐसा कहना है कि मैं हमेशा सक्रिय हूं. चौथी बार गहलोत सरकार के नारे पर गहलोत ने कहा कि तीन बार बन चुकी है, क्या यह काम है? अगला फैसला तो हाईकमान करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *