सिरोही, 23 जून। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वर्ष 2026 की वर्षा ऋतु में संभावित बाढ़/चक्रवात/अत्यधिक वर्षा की स्थिति के दौरान बचाव एवं राहत व्यवस्थांए सुनिश्चित करने के सम्बन्ध में रिव्यू बैठक का आयोजन हुआ।
बैठक में जिला कलेक्टर तोमर ने जल संसाधन विभाग, स्वायत्त शासन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, पीएचईडी, विद्युत विभाग, रसद विभाग, पुलिस, बीएसएनएल, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी, स्काउट गाइड, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों और आगे की कार्य योजना के बारे में चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
जिला कलेक्टर ने इस दौरान सभी अधिकारियों को समय पूर्व सभी तैयारियां सुनिश्चित करने, अधीनस्थ स्तर पर किये जा रहे कार्यों की मॉनिटरिंग करने तथा आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपातकालीन स्थिति में काम आने वाले आवश्यक उपकरणों की जांच करने और उनकी सुचारू स्थिति में उपयोगिता सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि अपने-अपने कार्यालय के छतों के ऊपर की साफ-सफाई जल्द करने, नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, आवश्यक सेवाओं से संबंधित सूचियां बनाकर रखने व अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित कार्यों की तैयारियां करके रखे।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बंटाई छंटाई, एफआरटी, बफर स्टॉक आदि के बारे में चर्चा करते हुए जिन ट्रांसफॉर्मर पर पानी का भराव होता है उनका सर्वे करवाने तथा तारों को कसने सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिये। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, एम्बुलेंस, मौसमी बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित हो साथ ही एंटी वेनम भी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक में हो यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने रसद विभाग को फूड पैकेट्स आदि की व्यवस्था करने, पशुपालन विभाग के अधिकारियों को दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भवनों की सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्था के सम्बन्ध में निर्देश दिये।
जिला कलेक्टर तोमर ने तैराकों की उपलब्धता, रैन बसेरे, शिफ्टिंग प्लान, ड्रेनेज मास्टर प्लान कर व्यवस्था आदि के सम्बन्ध में भी सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ राजेश गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसराम बोस, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र जोशी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहें।