Headlines

रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं से भरी कार पलटी, एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, 2 बुरी तरह जख्मी

Spread the love

पोकरण में रामदेवरा मार्ग पर एक बार फिर हादसा हुआ. 2 महीने बाद होने वाले वार्षिक मेले से पहले एक्सीडेंट की बढ़ती घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.

पोकरण (जैसलमेर) में टोल नाके के पास श्रद्धालुओं से भरी कार पलट गई. बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु रामदेवरा जा रहे थे. गाड़ी जब रामदेवरा-फलोदी मार्ग के पास पहुंची तो बेकाबू होकर पलटी. हादसे में 3 लोग घायल हुए. घायलों को 108 एम्बुलेंस से पोकरण जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया. इनमें से एक शख्स जेठाराम की हालत काफी बिगड़ गई. जेठाराम की उपचार के दौरान मौत हो गई. जबकि दो अन्य घायलों का उपचार जारी है. कार में सवार सभी श्रद्धालु जोधपुर जिले के मथानिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.  

2 महीने बाद मेला, अभी से आवाजाही शुरू

दरअसल, लोकदेवता बाबा रामदेवजी का वार्षिक मेला शुरू होने में अभी करीब दो महीने का समय है, लेकिन श्रद्धालुओं की आवाजाही अभी से शुरू हो चुकी है. इसी के साथ सड़क हादसों की घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. कुछ दिन पहले भी पोकरण-जोधपुर मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक कार पलट गई थी, जिसमें 8 लोग घायल हुए थे.

रामदेवरा मार्ग पर ट्रैफिक का बढ़ता दबाव बड़ी चुनौती

ट्रैफिक का दबाव और बढ़ते हादसों के बीच प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई है. श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सड़क सुरक्षा प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं. लेकिन बावजूद इसके अक्सर हादसे जारी हैं. इसकी प्रमुख वजह लंबी दूरी की यात्रा, तेज गति, चालक की थकान और ओवरलोडिंग जैसे कारण दुर्घटनाओं को बताया जा रहा है.  

हादसे रोकने के लिए जुटी पुलिस

रामदेवरा क्षेत्र में प्रवेश से पहले स्थानीय पुलिस द्वारा स्पीड ब्रेकर और बैरिकेड्स लगाए गए हैं. लगातार हो रहे हादसों के बाद पुलिस अलर्ट है. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर काम किया जा रहा है.  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *