मुंबई-जोधपुर नई ट्रेन की मांग को मिला समर्थन, रेल मंत्रालय से समन्वय का भरोसा
मुंबई। ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) राजस्थान के रेल विकास और प्रवासी राजस्थानियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। मुंबई के गोल्डन व्हील होटल में राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों का अपने गृहप्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनकी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
सांसद डांगी ने मुंबई और राजस्थान के बीच रेल संपर्क को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुंबई से जोधपुर के बीच मारवाड़ जंक्शन होकर नई यात्री रेलगाड़ी शुरू करने की लंबे समय से चली आ रही मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर वे स्वयं भी राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ के साथ सक्रिय रूप से प्रयास करेंगे तथा रेल मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित कर सकारात्मक समाधान का रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका, उपाध्यक्ष सिद्धराज लोढ़ा तथा वरिष्ठ समाजसेवी भंवरसिंह राजपुरोहित मंचासीन रहे। संघ के पदाधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने मुंबई और राजस्थान के बीच नई ट्रेनों के संचालन, रेल सेवाओं के विस्तार, समयबद्ध सुविधाओं तथा यात्रियों की समस्याओं से जुड़े विभिन्न सुझाव सांसद डांगी के समक्ष रखे।
इस अवसर पर समाजसेवी कांतिलाल शाह ‘अंसा’, रेखा शाह, मदन मुठलिया, गणपत कोठारी, अजयराज पुरोहित, एडवोकेट एमडी माली, मिश्रीमल रांका, प्रवीण धोका, विनोद लोढ़ा घाणेराव सहित कई गणमान्य प्रवासियों ने रेल विकास से जुड़े अपने विचार और प्रस्ताव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में संघ के सचिव निरंजन परिहार, नरेंद्र मांडोत, कोषाध्यक्ष प्रवीण गुंदेशा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
सांसद डांगी ने कहा कि रेल सुविधाओं का विस्तार केवल यात्रा को आसान बनाने का विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी मेहनत, उद्यमिता और सामाजिक प्रतिबद्धता के बल पर देशभर में विशिष्ट पहचान बनाई है तथा शिक्षा, चिकित्सा, जल संरक्षण और सामाजिक गतिविधियों में उनका योगदान सदैव उल्लेखनीय रहा है।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि राज्यसभा सांसद नीरज डांगी लंबे समय से प्रवासी राजस्थानियों के सरोकारों और राजस्थान के रेल विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं। राज्यसभा में भी उन्होंने समय-समय पर राजस्थान से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया है, जिससे प्रवासी समाज को नई उम्मीदें मिली