मंडार में सबसे ज्यादा 77.89% मतदान, शिवगंज में 69.57% और आबूरोड में 75.77% मतदाताओं ने डाला वोट
सिरोही। नगरीय निकाय चुनाव 2026 के तहत सिरोही जिले में पहले चरण का मतदान बुधवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। प्रथम चरण में शिवगंज, आबूरोड और मंडार नगर पालिकाओं में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव के दौरान शिवगंज नगर पालिका के 35 वार्ड, आबूरोड नगर पालिका के 40 वार्ड और मंडार नगर पालिका के 20 वार्ड के लिए मतदान कराया गया।

जिले में हुए मतदान में मंडार नगर पालिका में सर्वाधिक 77.89 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं आबूरोड में 75.77 प्रतिशत और शिवगंज में 69.57 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने आबूरोड के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान निर्वाचन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।

पहले चरण का मतदान सम्पन्न होने के साथ ही अब तीनों नगर निकाय क्षेत्रों के प्रत्याशियों की किस्मत मतदान मशीनों में सुरक्षित हो गई है। मतगणना के बाद चुनाव परिणाम सामने आएंगे।