17 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद, कार में प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर ले जा रहे थे शराब; दो आरोपी गिरफ्तार
आबूरोड। आबूरोड रीको थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 17 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब को कार में प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर गुजरात ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त किया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन, सीओ जितेंद्र सिंह राठौड़ के सुपरविजन तथा थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चम्पावत के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।