सिरोही, 25 अगस्त। नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन विभाग की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवीन भवन, सिरोही में मतदान दलों के पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में 243 पीठासीन अधिकारियों एवं 243 मतदान अधिकारी प्रथम सहित कुल 486 कार्मिकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराते हुए ईवीएम के उपयोग, मतदान से पूर्व, मतदान के दौरान एवं मतदान समाप्ति के बाद किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही विशेष प्रकरणों के निस्तारण, आवश्यक प्रपत्रों को सही तरीके से भरने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर विपिन डाबी, नरेश परमार, राजीव त्रिवेदी, ईश्वर लाल पुरोहित, प्रेम सिंह एवं नटवर लाल के निर्देशन में प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश गोयल ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद दुर्गा शंकर मीणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार नानीवाल एवं सहायक निदेशक, समग्र शिक्षा बलवीर सिंह सिसोदिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने मतदान कार्मिकों को पूरी तरह दक्ष बनाने पर जोर दिया, ताकि निकाय चुनाव की मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराई जा सके।