नगर निकाय चुनाव 2026: रिटर्निंग अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण, राजनीतिक दलों को चुनावी प्रावधानों की दी जानकारी

Spread the love

सिरोही, 21 अगस्त : नगर निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में विभिन्न प्रशिक्षण एवं बैठकें आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों, मास्टर ट्रेनर्स और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रिटर्निंग अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

नगर निकाय चुनाव के लिए जिले के छह रिटर्निंग अधिकारियों को नाम निर्देशन, संवीक्षा एवं चुनाव चिन्ह आवंटन सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश गोयल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक

जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर चुनावी नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई। बैठक में राकेश रबारी, कुलदीप रावल, कैलाश कुमार माली, विरेन्द्र सिंह देवड़ा एवं महेंद्र प्रजापत सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रतिनिधियों को चुनाव के दौरान अनुमत व्यय सीमा, टेंट, सभा, माइक, लाउडस्पीकर, वाहन एवं जुलूस आदि से संबंधित नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी से संपर्क करने के निर्देश दिए गए।

24 मास्टर ट्रेनर्स ने लिया प्रशिक्षण

इसके अतिरिक्त जिला परिषद सभागार में ब्लॉक स्तर के मास्टर ट्रेनर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स नरेश परमार, विपिन डाबी, राजीव त्रिवेदी एवं ईश्वर लाल पुरोहित ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण में जिले की छह नगर पालिकाओं के 24 ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लेकर रिटर्निंग अधिकारियों से संबंधित दायित्वों एवं निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद दुर्गा शंकर मीणा एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार नानीवाल भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *