एनडीपीएस एक्ट के 11 मामलों में जब्त डोडा-पोस्त, गांजा और टेबलेट का किया निस्तारण
सिरोही। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरोही जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 11 प्रकरणों में जब्त 28 क्विंटल 67 किलो 658 ग्राम मादक पदार्थ को नियमानुसार नष्ट किया।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार चल रहे मालखाना निस्तारण अभियान के तहत यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के सुपरविजन में पुलिस टीमों ने जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कराई।
पिंडवाड़ा की सीमेंट फैक्ट्री में नष्ट किया माल
पुलिस के अनुसार पिंडवाड़ा, कालंद्री, बरलूट, रोहिड़ा तथा आबूरोड-रीकोड़ा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े 11 एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों को निस्तारण के लिए एकत्र किया गया था। इनमें डोडा-पोस्त, गांजा और नशीली टेबलेट सहित अन्य मादक पदार्थ शामिल थे।
कुल 28 क्विंटल 67 किलो 658 ग्राम मादक पदार्थ को पिंडवाड़ा स्थित सीमेंट फैक्ट्री में ले जाकर पुलिस अधिकारियों की निगरानी में नियमानुसार जलाकर नष्ट किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
निस्तारण के दौरान संबंधित थानों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया पुलिस अधिकारियों की निगरानी में नियमानुसार संपन्न कराई गई।
पुलिस के अनुसार मालखानों में लंबे समय से सुरक्षित जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण लगातार किया जा रहा है। सिरोही पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।