नितिन बंसल के कार्यकाल में पिंडवाड़ा क्षेत्र में विकास को मिली रफ्तार, पंचायत समिति सभागार का भव्य लोकार्पण
सिरोही, 9 अगस्त। पंचायत समिति पिंडवाड़ा के सभागार भवन के विस्तारीकरण एवं लोकार्पण समारोह का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, आबू-पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित एवं डॉ. रक्षा भंडारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सभी जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार लोगों का दायित्व है।

आबू-पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया ने पंचायत समिति पिंडवाड़ा के प्रधान नितिन बंसल के कार्यकाल में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बंसल ने सभी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।

जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कई विकास कार्य करवाए गए, जिससे जरूरतमंद लोगों को राहत मिली। उन्होंने पंचायत समिति स्तर पर हुए कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में डॉ. रक्षा भंडारी ने भी प्रधान नितिन बंसल के कार्यकाल में करवाए गए कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने उनके स्वर्गीय पिता द्वारा क्षेत्र में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को भी याद किया।

पिंडवाड़ा प्रधान नितिन बंसल ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत समिति के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व विकास अधिकारियों हनुवीर विश्नोई, महीप सिंह जागावत एवं नवलाराम चौधरी के सहयोग को भी विशेष रूप से याद किया।
समारोह में पंचायत समिति सिरोही के प्रधान हंसमुख कुमार, नरपत सिंह, गणपत सिंह, उपप्रधान रमेश रावल, विकास अधिकारी ईश्वर सिंह चौहान, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रशासक, अधिकारी एवं कर्मचारी सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया तथा पंचायत समिति सभागार के विस्तारीकरण कार्य के लोकार्पण के साथ समारोह का समापन हुआ।