आबूरोड | 5 अगस्त 2026 राजकीय महाविद्यालय आबूरोड में बुधवार को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान” के तहत विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। यह कार्यक्रम आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान सरकार एवं माय भारत पोर्टल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हनुमंत सिंह ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अभियान के संयोजक खेताराम घांची ने विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को इस जनजागरूकता अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने स्वस्थ, जिम्मेदार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, अपने मित्रों और समाज को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इस दौरान महाविद्यालय के व्याख्याता, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में नशामुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।