जयपुर/डीग: भरतपुर-डीग जिले में अवैध खनन पर लगाम लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक काबले शरण गोपीनाथ ने एक बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। अवैध खनन परिवहन में मिलीभगत और संरक्षण देने के आरोप में कामवन थाने के एक एएसआई सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित होने वाले पुलिसकर्मियों में कामवन थाने के एएसआई पूरन सिंह, कांस्टेबल प्रशांत, कांस्टेबल चन्द्रशेखर और कांस्टेबल विक्रम सिंह शामिल हैं।
रात की गश्त के दौरान मिली थी शिकायत
कामवन एएसपी दिनेश यादव ने बताया कि बीती रात ये चारों पुलिसकर्मी क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। उसी दौरान क्षेत्र में अवैध खनन परिवहन से जुड़ी शिकायत मिली थी, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एसपी गोपीनाथ ने चारों को तुरंत निलंबित कर दिया। मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति
एसपी काबले शरण गोपीनाथ ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि अवैध खनन को बढ़ावा देने, उसमें शामिल रहने या किसी भी स्तर पर संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस विभाग भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है।
जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई को एक बड़ा कदम माना जा रहा है।